भिलाई। छत्तीसगढ़ में आरक्षण विधेयक को लेकर घमाशान थमने का नाम नहीं ले रहा है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधेयक पारित होने के बाद राज्यपाल की स्वीकृति के लए बिल अटका हुआ है। इस मुद्दे पर शासन की याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्यपाल सचिवालय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इधर इसी मुद्दे पर एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह से मीडिया ने सवाल किया तो वे आरक्षण पर हाईकोर्ट का एक पक्ष रख रहे थे। इस दोरान वे 58 प्रतिशत की जगह बार बार 56 प्रतिशत कह रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके 56 फीसदी पर चुटकी ली है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह का मीडिया से चर्चा करते हुए वीडियो अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इस दौरान उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि 56..56…56….56…क्या है 56? “जगत प्रवक्ता डॉ रमन सिंह जी! यहाँ बात मोदी जी के स्वघोषित सीने के नाप की नहीं बल्कि आरक्षण की हो रही है। पूर्व में आरक्षण 58% था, ना कि 56% और अभी 76% आरक्षण प्रस्तावित है ना कि 82%। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस ट्वीट पर फनी रिएक्शन भी देखने को मिल रहे हैं।
जानिए क्या कहा था पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने
दरअसल पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह से जब मीडिया ने राज्यपाल सचिवालय को नोटिस जाने के संबंध में सवाल किया तो पहले तो अनभिज्ञ दिखे। उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं थी कि राज्यपाल सचिवालय को हाईकोर्ट का नोटिस गया है। इसके बाद कुछ देर चुप रहे और उसके बाद कहा कि हाईकोर्ट ने पहले ही 56 फीसदी आरक्षण पर रोक लगाई थी और अब यह लोग 82 प्रतिशत कर रहे हैं। ऐसे कैसे संभव है। इस दौरान उन्होंने दो से तीन बाद 56 व 82 प्रतिशत का जिक्र किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके इसी 56 व 82 फीसदी पर चुटकी लेते हुए ट्वीट कर सही आंकड़ा बताया।




