झारसुगुडा। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा सीट से विधायक नबा किशोर दास को सीने में गोली लगी है। नाबा दास यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। नाबा किशोर दास जैसे की कार से उतरे वहां मौजूद एक पुलिस कर्मी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। नाबा दास की हालत बहुत गंभीर है, उन्हें पहले स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना आज दोपहर करीब 12.15 बजे की है। यह घटना झारसुगुड़ा के ब्रजराजनगर के गांधी चौक के पास हुई। स्वास्थ्य मंत्री को एएसआई ने सीने में कई राउंड फायरिंग किए। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दास को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाज जारी है। हालांकि उन पर फायरिंग क्यों की गई, इसकी वजह अबतक सामने नहीं आई है। इस घटना के बाद बीजेडी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए, जिसके बाद मौके पर तनाव का माहौल है।

सुनियोजित था स्वास्थ्य मंत्री पर हमला
बताया जा रहा है कि नबी दास पर यह हमला सुनियोजित तरीके से किया गया। जिस एएसआई ने मंत्री को गोली मारी वह काफी करीब था। सुरक्षाकर्मियों के घेरे के बाद भी नबा दास पर हमला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। जिस एएसआई ने मंत्री नबा दास पर हमला किया उसकी पहचान भी कर ली गई है। फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी की पहचान गोपाल दास के रूप में हुई है। गोपाल दास ओड़िशा पुलिस में एएसआई है और गांधी चौक पर तैनात था। जब कार्यक्रम में शामिल होने स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास पहुंचे और कार से उतरने लगे तभी एएसआई गोपाल दास ने अपनी रिवॉल्वर से उन पर गोली चलाई।
बीजु जनता दल के प्रमुख नेता हैं नबा दास
नाबा किशोर दास बीजु जनता दल के प्रमुख नेता है। नाबा दास हाल ही में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने तौर पर महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर में एक करोड़ रुपये से अधिक का सोने का कलश दान किया था। नाबा दास ने शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे। मंत्री नबा दास पर हुए हमले के बाद बीजेडी के सीनियर नेता प्रसन्न आचार्य ने कहा कि हम इस घटना की निंदा करते हैं। पुलिस विस्तृत जांच करेगी और आरोपी को कड़ी सजा दी जाएगी। हम उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।




