भिलाई। वंदेभारत एक्सप्रेस पर भिलाई में एक बार फिर से पथराव हुआ है। शुक्रवार को नागपुर से बिलासपुर की ओर जा रही है वंदेभारत एक्सप्रेस पर भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशन के आसपास पथराव किया गया। इस पथराव में एक कोच का शीशा टूट गया है। भिलाई में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की यह दूसरी घटना है और ट्रेन शुरू होने के बाद अब तक तीन बार पथराव हो चुका है। फिलहाल इस मामले में आरपीएफ व जीआरपी मिलकर पथराव करने वाले को तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वंदे भारत शाम 5.23 बजे दुर्ग से छूटी थी। इसके बाद पावर हाउस रेलवे स्टेशन तक पहुंचते पहुंचते इस पर पथराव हुआ। पत्थर ट्रेन की सी-6 बोगी की खिड़की पर लगी जिससे उसका शीशा टूट गया। इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ था। ट्रेन के नियमित परिचालन के तीसरे ही दिन 14 दिसंबर को इस पर पथराव हुआ था। तब भी एक शीशा टूटा था। इस मामले में भी गवर्नमेंट रेलवे पुलिस व आरपीएफ आरोपी को तलाश नहीं कर पाई है। रेलवे ने इस मामले में रेलवे एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।





