कोंडागांव। छत्तीसगढ़ कोंडागांव की नाबालिग से शिमला में रेप का मामला सामने आया है। युवक ने पहले फेसबुक के जरिए दोस्ती की और उसके बाद शादी का झांसा दिया। नाबालिग उसकी बातों में आ गई। युवक नाबालिग को शिमला भगा ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश की और शिमला से उसे गिरफ्तार किया है। मामला जिले के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार बडेडोंगर थाना क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा 6 जनवरी को स्कूल गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने जगह जगह नाबालिग का पता लगाया लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने नाबालिग की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने नाबालिग का मोबाइल नंबर ट्रेस कराया जिससे पता चला वह शिमला में है।
इसके बाद पुलिस की एक टीम को शिमला भेजा गया। शिमला में पुलिस ने युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया और नाबालिग को बरामद कर लिया। आरोपी युवक का नाम ललित है जो शिमला के एक प्राइवेट होटल में वेटर का काम करता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फेसबुक के जरिए उसकी कोंडागांव की नाबालिग के साथ दोस्ती हुई और इसके बाद उसने उसका मोबाइल नंबर लिया था। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। इसके बाद युवक कोंडागांव आया और नाबालिग से मिलकर उसे भगा ले गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




