भिलाई। हथखोज में बीती रात दो गुटो में खूनी संघर्ष के बाद हुई दो युवको की हत्या का लाइव वीडियो फुटेज पुलिस ने जारी किया है। हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी की गेट के सामने हुए इस कांड की पूरी रिकार्डिंग हुई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक गुट के लोग युवक को किस बेरहमी से मा रहे हैं। एक युवक पर कई युवक लाठी डंडे व फावडे से पीटते रहे। यही नहीं अंत में उस पर पत्थर भी पटका गया। इस मामले में पुलिस ने सुबह तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। दोपहर तक इस कांड के दो और आरोपी भी पकड़ा गए हैं। यही नहीं पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस भी निकाला है।

बता दें रविवार रात को हथखोज इंदिरानगर रेलवे ट्रैक के पास दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। घटना का मुख्य कारण कबाड़ चोरी व इसके व्यापार में मुखबिरी को माना जा रहा है। पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से कबाड़ बेचने वालों के बीच मारपीट हुई है। कबाड़ चोरी को लेकर रविवार रात को दो गुटों में मारपीट हुई। मारपीट ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस खूनी संघर्ष में दो युवकों की मौत हो गई। इस घटना में मनोज चौधरी (34) निवासी इंदिरा नगर हथखोज थाना पुरानी भिलाई व सूरज चौधरी (34) हथखोज की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी तनाव है। घटना के कुछ घंटों में ही पुलिस ने इस घटना के 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों में इंदिरानगर हथखोज निवासी शेख अयूब, चंद्रभान चौहान,अमित चंद्राकर, अजीत चंद्राकर, युवराज ठाकुर,भोला प्रसाद, अक्षय चंद्राकर, दुर्गा मंदिर निवासी श्रवण कुमार साह, बालाजी नगर निवासी प्रियांशु राउत, पंकज कुमार, मिनीमाता नगर निवासी राहुल कुमार चौधरी, बालाजी नगर निवासी टी जय रेड्डी, अशोक कुमार, गाजीपुर उत्तर प्रदेश निवासी धर्मेश यादव, अभिषेक यादव तथा संतोष यादव व राहुल तिवारी शामिल हैं।

पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया के सामने पेश किया। आरोपियों के चेहरों पर इस हत्याकांड का जरा भी मलाल नहीं दिख रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को पुलिस कंट्रोल रूम में ही जुलूस भी निकाला। इस दौरान एसपी अभिषेक पल्लव ने इस हत्याकांड का खुलासा भी किया है।




