कोरबा। जिले में महिला की हत्या कर शव को फंदे में लटकाने का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह जिले में तिवरता-झाबर मार्ग पर महिला की खून से लथपथ लाश फंदे पर लटकती मिली। आसपास के ग्रामीणों ने सबसे पहले शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना जिले के दीपिका थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार दीपिका थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवरता-झाबर मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ पर खून से लथपथ शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त ग्राम झाबर के आमापारा मोहल्ला निवासी जैत कुंवर (44) के रूप की। शव से थोड़ी दूरी पर महिला के चप्पल मिले। पुलिस ने बताया कि महिला के तीन बेटे हैं जो गांव में ही रहते हैं। फिलहाल यह तय नहीं है कि महिला ने आत्महत्या की है हत्या की गई।
मौके पर पुलिस ने डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलवाया है। महिला के संबंध में गांव वालों से पता चला है कि वह मानसिक रूप से कमजोर है और इधर-उधर घूमते रहती है और लोगों से खाना मांगकर गुजारा करती है। वहीं पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों की एंगल से जांच कर रही है।




