श्रीकंचनपथ डेस्क। सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां शुक्रवार को एक बस गहरी खाई में गिर गई है, जिससे 16 आर्मी के जवानों की मौत हो गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई है। मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं हादसे की सूचना सेना मुख्यालय को भी दे दी गई है।

यह हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे। सेन का काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अफसर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। बताते हैं कि 4 घायल जवानों को हेलिकॉप्टर के जरिए निकाला गया। जबकि तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर इस हादसे में सेना का बयान भी सामने आया है। भारतीय सेना ने हादसे पर बयान जारी कर कहा है कि वो इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी। हादसे के बाद फिलहाल रेस्क्यू कार्य जारी है।




