राजनांदगांव। शेयर मार्केट में ज्यादा फायदे का झांसा देकर राजनांदगांव में एक शख्स से 4 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाने में चार माह पहले शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस तब से आरोपियों की तलाश कर रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव शहर के लालबाग हेमू कलाणी नगर निवासी संदीप कुमार ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि चार माह पहले जुलाई में एक लड़की का कॉल आया। लड़की ने शेयर मार्केट में अच्छे लाभ का झांसा दिया। झांसे में लेकर कॉलर ने संदीप से 4 लाख 30 हजार 900 रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगे जाने के बाद संदीप ने इस मामले की रिपोर्ट बसंतपुर थाने में दर्ज कराई थी।
साइबर सेल की मदद से पकड़ में आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस लगातार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। इसबीच पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। साइबर सेल ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर पता लगाया कि आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर में हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम को इंदौर रवाना किया गया। इंदौर पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने रवि कुमार (28) और सतीश यादव (40) को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खातों को भी सीज कर दिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस राजनांदगांव लेकर पहुंची और इसके न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।




