दुर्ग। शहर में अंतरराज्यीय चोरों का जमावड़ा हो गया है। ऐसे ही एक मामले में दुर्ग पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक चोर उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खिरी का है और दूसरा बिलासपुर का रहने वाला है। इनके पास से पुलिस ने लगभग ढ़ाई लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर बरामद किया है। इन चोरों ने यह पूरा सामान ओमनगर दुर्ग निवासी शांति साहू के निवास से चोरी किया था।

दरअसल 3-4 दिसंबर की दरमियानी रात को ओमनगर निवासी शांति साहू के घर पर चोरी हुई थी। जिस रात घटना हुई उस रात शांति साहू अपनी बेटी के घर पदु़म नगर गई हुई थी। 4 दिसंबर को उसके पडोसी ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की सूचना दी थी। इस सूचना के बाद शांति देवी घर पहुंची तो देखा कि दरवाजा सेंटर लाक टूटा था। चोरों ने आलमारी तोडकर लॉकर से 4 जोडी चांदी का पायल , 3 जोडी बिछिया , 1 जोडी चांदी कडा , 1 नग सोने का लाकेट , 3 नग अंगुठी, 1 जोडी कंगन , 2 नग चैन, 1 नग फुल्ली व टाईटन का गोल जेंस घडी चोरी हुआ था।
घटना की शिकायत के बाद पुलिस लगातार चोरों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की ग्रीन चौक पर दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे है। इसके बाद दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से सोने चांदी के जेवरात बरामद किया गया। पकडे गये संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना नाम सुरेश पटेल उर्फ पटलू पिता गुहाराम पटेल (32), साकिन पटेल पारा, बिलासपुर तथा पंकज पाण्डेय पिता शोभरण पाण्डेय (32) साकिन ग्राम नीमचइनी, जिला लखमीपुरखीरी, उत्तर प्रदेश बताया। इनके पास से करीब ढाई लाख रुपए के जेवर बरामद किए गए। दोनों चोरों के खिलाफ मोहन नगर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।




