कांकेर. भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को 21,171 वोटों से पटखनी दी। उपचुनाव में कांग्रेस की रिकॉर्ड वोटों जीत के बाद पूरे प्रदेश में कांग्रेसी जश्न मना रहे हैं। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम दूसरे स्थान पर रहे। वहीं सर्व आदिवासी समाज के प्रत्याशी अकबर राम कोर्राम तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी को इस चुनाव में कुल 65327 वोट मिले हैं।
सीएम बोले जनता का मिल रहा आशीर्वाद
हिमाचल और भानुप्रतापपुर उपचुनाव में जीत की ओर बढ़ रही कांग्रेस पर सीएम भूपेश बघेल ने पहली चुनावी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये सब जनता का आशीर्वाद है। वहीं आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक नंबर की झूठी पार्टी भाजपा है। वहीं सर्व आदिवासी समाज के चुनाव लडऩे पर समाज के लोगों को उन्होंने बधाई दी है।
सुरक्षाबलों की तैनाती
भानुप्रतापपुर उपचुनाव में 14 टेबल पर 256 ईवीएम के लिए 19 राउंड में काउंटिंग हुई। साथ ही 10 बजे से शुरुआती रुझान आने भी शुरू हो गए थे। सुबह सुरक्षाबलों के साथ मत पेटियां गिनती के लिए स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर भेजी गई थी। स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती है।

जानिए किसे मिले कितने वोट
कांग्रेस- सावित्री मंडावी- 65327
भाजपा- ब्रह्मानंद नेताम- 44229
सर्व-आदिवासी समाज- अकबर कोर्राम- 23371