रायपुर. खाना खाते समय पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। पति ने पत्नी की ऐसी पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक सरोना निवासी 35 वर्षीय रेखा आडिल और उसके पति संजय आडिल शनिवार की दोपहर खाना खा रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया। पत्नी ने भी संजय से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इससे संजय को गुस्सा आ गया और उसने रेखा की जमकर पिटाई कर दी।
आरोपी पति गिरफ्तार
पति की पिटाई से महिला के पेट और छाती में गंभीर चोटें आईं। इससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद संजय ने आसपास के लोगों की मदद से उसे एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान रेखा की मौत हो गई। मामले में आमानाका पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम कर डीडी नगर थाने में केस ट्रांसफर कर दिया। डीडी नगर पुलिस ने मामले की जांच की, तो मारपीट करने का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी संजय को पत्नी की हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।




