भिलाई. रिटायर्ड टीआई की पत्नी ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। महिला ने आधी रात खुद के ऊपर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगा लिया जिससे वह नब्बे फीसदी जल गई है। महिला को उपचार के लिए सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पुलिस ने उसका बयान लिया। घटना पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र के बोरसी कॉलोनी की है। मिली जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त निरीक्षक सुरेन्द्र उके की पत्नी खिमरन उके ने अपने शरीर पर मिट्टी तेल उढेलकर आग लगा लिया। जब वह चिल्लाने लगी। तब परिजन और पड़ोसी पहुंचे। आग को बुझाया और उसे उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल ले गए।
परिजन बोले मानसिक रूप से बीमार है महिला
पद्मनाभपुर चौकी प्रभारी राजीव तिवारी ने बताया कि 1 दिसम्बर रात करीब 11.30 बजे की घटना है। बोरसी हाउसिंग बोर्ड एमआईजी क्र्वाटर 1/ 299 निवासी खिमरन उके पति सुरेन्द्र उके (57 वर्ष) मानसिक रूप से बीमार है। परिजनों ने जानकारी दी की उसका नागपुर में इलाज चल रहा है। सेक्टर-9 में प्रधान आरक्षक राजकुमार कथन लेने पहुंचा, लेकिन खिमरन बोलने की हालत में नहीं थी। धीमी आवाज में वह बोली कि टीवी देख रही थी। टीवी में किसी को आग लगाकर जलते देखा।
बयान के बाद होगी आगे की कार्रवाई
चौकी प्रभारी ने बताया कि अभी एसडीएम का बयान नहीं हुआ है। शनिवार को उसका बयान लिया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। परिजनों के मुताबिक वह मानसिक बीमार है। नागपुर में उसका इलाज चल रहा है।





