रायपुर। विश्व एड्स दिवस के मौके पर गुरुवार सुबह नगर पालिका निगम व्हाईट हाउस गार्डन से कॉलेज के छात्र-छात्राओं एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं की रैली निकाली गई । 700 से भी अधिक छात्र-छात्राओं ने इस जागरुकता रैली में भाग लिया। यह रैली नगर पालिका निगम गार्डन से महिला थाना चौक, ओसीएम चौक होते हुए आकाशवाणी होते हुए नगर पालिका निगम गार्डन में समाप्त हुई।

रैली का शुभारंभ संचालक स्वास्थ्य सेवायें सह परियोजना संचालक भीम सिंह तथा अतिरिक्त परियोजना संचालकन डॉ. खेमराज सोनवानी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस वर्ष विश्व एड्स दिवस का थीम “समानता” है। इस अवसर पर संचालक स्वास्थ्य सेवायें सह परियोजना संचालक ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए आहवानित किया कि राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीआई नियंत्रण कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप समाज में एचआईवी के साथ जी रहे लोगों का समानता के साथ जीवन जिने का अधिकार है और भेदभाव को खत्म करने के लिए स्वयं सेवक बनकर प्रयास करें। जो भी एचआईवी संक्रमित हैं और राज्य के 08 एआरटी केन्द्रों में से नजदीक के एआरटी केन्द्र में अपना पंजीयन नहीं कराए हैं वे अपना पंजीयन कराऐं तथा निःशुल्क एआरटी दवाएं प्राप्त कर उसका नियमित सेवन करें।
एनएसएस, एनसीसी स्काउट में हमारा सामाजिक दायित्वों के प्रति काम करना अनिवार्य उद्देश्य होता है, इसलिए भी हमें एचआईवी की रोकथाम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। लोगों को एचआईवी टोल फ्री नंबर 1097 की जानकारी भी सभी को देनी चाहिए। इस जागरुकता रैली में जे वाई छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, दुर्गा महाविद्यालय, गुरुकुल महाविद्यालय, महंत कॉलेज, गवर्नमेंट को-एड पॉलीटेक्नीक कॉलेज, जेआरदानी स्कूल, महादेव राव सप्रे स्कूल, जेएन पांडे मल्टी परपस स्कूल, हिन्दु हाई स्कूल के नोडल अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं तथा छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंबुण समिति के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित हुए।




