भिलाई। रिसाली स्थित महानिरीक्षक सीमान्त मुख्यालय (विशेष-संक्रिया) छत्तीसगढ़ के समस्त अधिकारी व जवानों ने 73 वां संविधान दिवस मनाया। इस मौके पर सभी जवानों ने देश की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस मौके पर महानिरीक्षक सीमान्त मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल (विशेष-संक्रिया) छत्तीसगढ़ इंदराज सिंह ने जवानों को राष्ट्र की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई।
बता दें भारत गणराज्य का संविधान 26 नवम्बर 1949 को बनकर तैयार हुआ था। संविधान सभा के प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ0 भीमराव अंबेडकर के 125 वें जयंती वर्ष के रूप में 26 नवम्बर 2015 से संविधान दिवस मनाया गया। संविधान सभा ने भारत के संविधान को 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में 26 नवम्बर 1949 को पूरा कर राष्ट्र को समर्पित किया। गणतंत्र भारत में भारतीय संविधान को 26 जनवरी 1950 से अमल में लाया गया।
जवानों ने ली शपथ
इस मौके पर जवानों ने एक साथ शपथ लेते हुए कहा कि हम भारत के लोग, भारत को एक (सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य) बनाने के लिए, तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए, तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और (राष्ट्र की एकता और अखंडता) सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्प होकर इस संविधान को अंगीकृत और आत्मार्पित करते हैं।




