रायगढ़। जिंदल स्टील एंड पॉवर प्लांट बड़ा हादसा हो गया। सोमवार शाम को हुए इस हादसे में कई मजदूर चपेट में आ गए हैं। हादसे के बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि प्लांट के डीआरआई टू में गैस पाइप फट गया था। इस दौरान काम कर रहे कई मजदूर झुलस गए। हादसे में पांच मजदूर बुरी तरह झुलसे इनमें से दो की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। इन मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिंदल स्टील प्लांट की है। कोतरा रोड पुलिस के से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच जिंदल स्टील प्लांट के डीआरआई टू में अचानक एक गैस पाईप लाईन फट गई। इस पाइप लाइन से ऑक्सीजन की सप्लाई हो रही थी। पाइप फटने से काम करने वाले मजदूर झुलस गए। जिंदल प्रबंधन ने घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। इन मजदूरों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है वहीं शेष मजदूरों की हालत सामान्य बताई जा रही है।




