कोरबा। जिले में रेप के प्रयास ऐसा मामला सामने आया है जिसमें बदमाश ने विरोध करने पर महिला की बेदम पिटाई की और भाग गया। घटना से आहत महिला ने जान देने के इरादे से जहर खा लिया। पति जब घर पहुंचा तो पत्नी की हालत देख उसे अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला की हालत ठीक है। वहीं पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
रेप के प्रयास की यह वारदात कोरबा के रामपुर चौकी क्षेत्र का है। यहां के रामपुर बस्ती में रहने वाली महिला शुक्रवार को अपने घर पर बच्चों के साथ थी। पति अपने काम पर निकल गया था और अड़ोस पड़ोस के भी लोग भी कामधंधे पर चले गए थे। इस दौरान महिला के घर में एक बदमाश घुसा। बदमाश शराब के नशे में धुत था। उसने महिला से छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। यही नहीं उसने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उसे पीट कर भाग गया।

घटना के बाद महिला ने अपनी जान देने जहर खा लिया था लेकिन इस बीच उसका पति घर पहुंचा और उसे अस्पताल भर्ती कराया गया। अस्पताल से ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली। पुलिस ने महिला बयान लिया है। महिला ने बताया कि वह बदमाश युवक को नहीं जानती। फिलहाल पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
