भिलाई। बीएसपी के सेक्टर-9 अस्पताल में लापरवाही का बड़ा नमूना सामने आया। यहां एक युवक गले की जांच कराने पहुंचा तो जांच के दौरान कांच का इंस्टूमेंट टूट गया। कांच करीब 5 एमएम का टूकड़ा युवक ने निगल लिया जिससे उसकी जान आफत में पड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। हांलाकि बाद में डॉक्टरों ने सक्रियता दिखाई और युवक की एंडोस्कोपी की गई और कांच का टुकड़ा बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक कांच का टुकड़ा मरीज के पेट में ही रहा। वहीं एंडस्कोपी के बाद युवक की हालत ठीक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रगति नगर निवासी तुषार को गले में इंफेक्शन होने के कारण इसका इलाज सेक्टर-9 अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार को वह जांच कराने हॉस्पिटल पहुंचा था। ईएनटी के डाक्टर अश्विन और डाक्टर गिरीश मरीज की जांच कर रहे थे। जांच के लिए डॉक्टरों ने एक कांच का इंस्टूमेंट तुषार के गले में डाला। इस दौरान वह टूट गया और करीब 5 एमएम कांच का टुकड़ा उसके पेट में चला गया।
जैसे ही मरीज को पता चला कि कांच का टुकड़ा वह निगल गया है तो वह बेचैन हो गया और डॉक्टरों के भी होश उड़ गए। आनन फानन में डॉक्टरों ने पेट की स्कैनिंग की और कांच के टुकड़े की स्थित देखी। इसके बाद डॉक्टरों ने एंडस्कोपी का निर्णय लिया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद मरीज के पेट से कांच का टुकड़ा निकाला गया। इसके बाद मरीज के जान में जान आई। इस घटना के बाद मरीज के परिजन भी हैरान रह गए। वहीं अस्पताल में जिस कांच के इंस्टूमेंट का इस्तेमाल किया गया उसकी क्वालिटी में सवालों के घेरे में है। फिलहाल मरीज की जान बचने से डॉक्टरों के साथ ही परिजनों ने भी राहत की सांस ली है।





