भिलाई। भिलाई भारत का भविष्य है। यह पंडित नेहरू हमेशा कहते थे। आज उनके जन्मदिवस पर भिलाई ओलंपिक के समापन के अवसर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी आये। यहां उन्होंने मुक्केबाजी और जूडो का प्रदर्शन भी देखा। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने भिलाई ओलंपिक की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमने तो केवल 14 खेलों का आयोजन किया और आपने तो 38 खेलों का आयोजन करा दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह हम सबके लिए महत्वपूर्ण दिन है। हमने प्रदेश में छत्तीसगढ़ी ओलंपिक के आयोजन किया। 70 साल की बुजुर्ग महिलाओं ने भी न केवल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया अपितु विजय भी हासिल की। लोग हमारे परंपरागत खेलों को भूलते जा रहे थे। मोबाइल के दौर में लोग खेल भूलते जा रहे थे। इससे नई स्फूर्ति का संचार हुआ। जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि यहां भव्य आयोजन हुआ। ऐसे आयोजन से पूरा शहर स्फूर्ति से भर जाता है।


कार्यक्रम के दौरान भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि भिलाई शिक्षा और खेल के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री महोदय ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक आरंभ किया तो हमें भी प्रेरणा मिली और इस खेल का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि भिलाई का समाज इतना विविध है कि हमेशा देश में होने वाली गतिविधि यहां होती है। हम लोग अनेकता में एकता को जीते हैं। कार्यक्रम में महापौर नीरज पाल ने भी अपना संबोधन दिया।

पंडित नेहरू की स्मृतियों से जुड़ा एलबम भी लोकार्पित
पंडित नेहरू की स्मृतियों से जुड़ा एल्बम भी लोकार्पित किया गया। साथ ही ढाई मिनट से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री भी जारी की गई। मुख्यमंत्री ने रिमोट से बटन दबाकर पंडित नेहरू की तस्वीर में पुष्प वर्षा की और उन्हें सादर नमन किया। कार्यक्रम के दौरान आभार प्रदर्शन भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास ने किया। इस अवसर पर संभागायुक्त महादेव कांवरे, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा, भिलाई चरौदा महापौर निर्मल कोसरे, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।