रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को हत्या की खौफनाक वारदात सामने आई है। रास्ता रोककर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। तीन युवकों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ युवक पर हमला किया और चाकू से तब तक मारते रहे जब तक की उसकी जान नहीं चली गई। घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुढियारी थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार हत्या की यह खौफनाक घटना गुढ़ियारी के नया तालाब इलाके की है। मृतक युवक का नाम मोहन साहू (32) था। मृतक युवक नया तालाब के पास ही अपने परिवार के साथ रहता था। सोमवार सुबह घर से निकला था। रास्ते में अनिल महतो नाम के युवक ने अपने साथियों पुखराज पटेल और अरविंद के साथ उसका रास्ता रोका और पहले तो उसकी बेदम पिटाई की और उसके बाद चाकू से उसके गले पर तब तक वार किया जब तक ही वह मर नहीं गया। इसके बाद शव को वहीं छोड़कर तीनों फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद गुढियारी पुलिस एक्टिव हुई। इस दौरान पुलिस को पता चला कि मोहन साहू का दो माह पहले गुढ़ियारी में रहने वाले कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। इनमे से एक अनिल महतो नाम का युवक है। पुलिस ने बिना देर किए अनिल महतो को पहले गिरफ्तार किया। पूछताछ में अनिल महतो ने सारा सच उगल दिया। आरोपी ने बताया मृतक मोहन साहू ने उससे झगड़ा किया था और उससे थूक भी चटवाई थी। इसी रंजिश को लेकर अनिल महतो ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सोमवार को मोहन साहू की हत्या कर दी। आरोपी अनिल के बताए अनुसार पुलिस ने आरोपी पुखराज पटेल और अरविंद को भी गिरफ्तार कर लिया है।
