रायपुर. भाजपा की बिलासपुर में आज होने वाली महतारी हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी रायपुर पहुंच गई है। केंद्रीय मंत्री एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय के लिए रवाना हो गई हैं। जहां से वे बिलासपुर जाएंगी। जहां महतारी हुंकार रैली में शामिल होंगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने राज्य सराकर के खिलाफ और आगामी विधानसभा चुनाव के पहले बिलासपुर के नेहरु चौक पर महतारी हुंकार रैली नाम से बड़ी जनसभा का आयोजन किया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति उसकी मुख्य वक्ता है। भाजपा ने महतारी हुंकार रैली में भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। सभी प्रमुख नेता अलग-अलग क्षेत्रों में मोर्चा संभाले हुए हैं।
कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री से पूछे आठ सवाल
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्मृति ईरानी से आठ सवाल पूछे हैं।
आज देश में महंगाई बेतहाशा बढ़ गई है स्मृति क्यों चुप हैं? पूर्ववर्ती सरकार में जब झलियामारी जैसी घटनाओं में बच्चियों से दुराचार हो रहा था तत्कालीन सरकार एफआईआर भी नहीं दर्ज कर रही थी तब स्मृति क्यों मौन थीं?
रमन राज में जब छत्तीसगढ़ से 27 हजार से अधिक महिलाएं लापता थी तब स्मृति कहां थीं?
जब प्रदेश में हर दिन एक दुराचार की घटना होती थी, और तीसरे दिन सामूहिक दुराचार की घटना होती थी तब स्मृति कहां थीं?
हिड़मा मड़कम, मीना खल्को के साथ हुई दरिंदगी पर आप क्यों चुप थीं?
मोदी सरकार के गलत नीतियों के चलते देशभर में 1 करोड़ 50 लाख महिलाओं के हाथ से रोजगार छीना गया है, उन हाथों को रोजगार दिलाने स्मृति ईरानी क्या प्रयास किया?
गुजरात में भाजपा सरकार ने सजायाफ्ता 11 रेप के आरोपियों को जेल से रिहा किया है, स्मृति ईरानी उस दौरान मौन क्यों थी?
कठुआ उन्नाव में आपकी संवेदना कहां मर गई थी?
मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शराबबंदी के लिए आंदोलन कर रही हैं, क्या स्मृति ईरानी उमा भारती के समर्थन में आंदोलन में शामिल होंगी?