महेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर. जिले में विकास कार्यों का जायजा लेने निकले कलेक्टर सड़क किनारे खेत में एक किसान को धान काटते देख खुद भी खेत में उतर आए। किसान से हसिया लेकर खुद भी धान काटने लगे। दरअसल बुधवार को शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेने महेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर पीएस ध्रुव खडग़वा तहसील के ग्राम पंचायत उधनापुर और कौड़ीमार के दौरे पर थे। उधनापुर में ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केन्द्र और उचित मूल्य दुकान, ग्राम कौड़ीमार में धान खरीदी केन्द्र, गौठान और सड़क निर्माण कार्य का उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान रतनपुर से चोपन वाया कोटिया सड़क निर्माण कार्य के मुआयना के दौरान कलेक्टर ध्रुव की नजर थोड़ी दूर पर सड़क किनारे खेत में धान की कटाई कर रहे कृषक छोटेलाल और जहान साय पर पड़ी।
किसान भी चौक गए
कलेक्टर ध्रुव दोनों किसान के पास पहुंचे और उनसे धान कटाई-मिजाई, समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री के संबंध में बातचीत करने लगे। कुछ मिनटों बाद कलेक्टर ने सबको चौंकाते हुए किसानों से हसिया मांग लिया और खेत में हसिया से धान काटने लगे। कलेक्टर धु्रव ने कहा कि खेत में नमी अच्छी है। उतेरा फसल की बुआई करना लाभदायक होगा।

तत्काल दूसरी फसल बोने की सलाह दी
कलेक्टर ने खेत में न सिर्फ फसल काटा बल्कि कृषक छोटेलाल और जहान साय को खेत में तत्काल चना, गेहूं की फसल बुआई की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि उतेरा फसल से दोनों को अतिरिक्त आमदनी होगी।
