पेंड्रा. छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई। तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे। दुर्घटना रविवार देर रात कोटमी चौकी क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार कोटमी से पेंड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित राधा स्वामी पेट्रोल पंप के सामने रविवार रात बाइक सवार तीन युवक पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा भिड़े। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण तीनों युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला और ठोकर लगते ही तीनों ने चंद मिनटों में दम तोड़ दिया।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
पुलिस ने बताया कि कंटेनर कंटेनर यूपी-82 टी-5586 सड़क किनारे खड़ी थी। बाइक सवार तीनों युवक पसान के रहने वाले थे। बाइक सवार तीनों युवक पसान से पेंड्रा की तरफ जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। राहगीरों ने तीनों युवकों को कंटेनर के नीचे खून से लथपथ पड़े हुए देखकर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार सिर पर गंभीर चोट लगने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इनकी हुई मौत
पुलिस ने बताया कि मरने वालों में बसंत प्रजापति पिता महेश प्रजापति (20), शुभम मानिकपुरी पिता बलदाऊ मानिकपुरी (20) और तीसरा युवक सूरज प्रजापति (20) शामिल है। हादसे की सूचना के बाद घटना स्थल पर पेंड्रा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी और कोटमी चौकी प्रभारी चंदन सिंह पहुंचे। एंबुलेंस के जरिए तीनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।




