भिलाई। उतई थाना क्षेत्र में एक लकड़ी व्यापारी की हत्या कर दी गई। लकड़ी व्यापारी का शव यहां के धौराभाठा (परसाही) गांव के खदान के पास मिला। मृतक की पहचान ईश्वर साहू (36) निवासी अंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परसाही में एक लकड़ी व्यापारी के पास 30 हजार रुपए की वसूली करने पहुंचा था और दूसरे दिन सुबह उसका शव खदान के पास पड़ा हुआ मिला। सिर पर चोट का निशान भी मिला है जिससे की पुलिस ने हत्या का अंदेशा लगाया है।
उतई पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह परसाही खदान के पास शव मिलने से हड़कंप मच गया। ईश्वर साहू लकड़ी खरीदी और बिक्री करने का काम करता था। अंडा निवासी ईश्वर साहू का परसाही में ससुराल है और उसने यहां पर एक व्यापारी को लकड़ी दिया जिसका 30 हजार रुपए बकाया था। अपना बकाया वसूल करने ही ईश्वर साहू परसाही पहुंचा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि ईश्वर साहू के सिर के पीछे हिस्से में भारी चीज से वार किया गया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की छानबीन में लगी हुई है।




