भिलाई। जिले के ढाई सौ से ज्यादा युवाओं को दीपावली के पहले नौकरी का गिफ्ट मिल गया। शनिवार को देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया। केन्द्र सरकार के कई उपक्रम में 75 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी गई। भिलाई के कला मंदिर में शनिवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार ने 25 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर सांसद विजय बघेल, विधायक विद्यारतन भसीन, भिलाई भाजपा अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया, दुर्ग भाजपा अध्यक्ष, सहित पोस्ट ऑफिस, बीएसपी, रेलवे सहित कई अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर दिल्ली से लाइव पीएम मोदी के कार्यक्रम को भी देखा। कार्यक्रम के बाद केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ भारती पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की बात कही थी, यह नौकरियां पहले भी मिल रही थी, लेकिन आजादी के अमृतकाल महोत्सव को सेलिब्रेट करने देशभर में एक साथ 75226 युवाओं को एक साथ नियुक्ति पत्र देने के लिए इसे यादगार बनाया गया।
डाक विभाग में 211 नियुक्ति
कार्यक्रम में भारतीय डाक विभाग के 211 चयनित अभ्यर्थियों सहित रेल मंत्रालय के अधीन 25 व भिलाई इस्पात संयंत्र के 12 नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। रोजगार मेला का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर वर्चुअल माध्यम से किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं निदेशक, डाक सेवाएं, छ.ग. परिमंडल, रायपुर दिनेश मिस्त्री के एवं प्रवर अधीक्षक डाकघर, दुर्ग संभाग हरीश कुमार महावर आदि मौजूद थे।




