धमतरी। बुधवार को पूरा प्रदेश दशहरा उत्सव मना रहा था। इस दौरान धमतरी में दशहरा उत्सव के दौरान ऐसा तमाशा हुआ कि देखने वालों की हंसी भी छूटी और मायूस भी हुए। दरअसल रामलीला के मंचन के बाद यहां राम बने शख्स ने रावण के पुतले को आग लगाई। पुतला तो जल गया लेकिन एक भी सिर नहीं जला। इसके बाद आयोजकों की काफी किरकिरी हुई। इस उत्सव के आयोजक कोई और नहीं बल्कि यहां का निगम प्रशासन है।
रावण के सिर नहीं जलने से धमतरी नगर निगम प्रशासन को काफी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इसके बाद सभी सिरों को एक जगह इखट्टा कर जलाया गया। इससे निगम आयुक्त काफी नाराज हुए और पुतला निर्माण की जिम्मेदारी संभालने वाले सहायक ग्रेड 3 के कर्मचारी राजेन्द्र यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्होंने ईई को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रावण का पुतला बनाने वाले को एक रुपए का भी भुगतान नहीं किया जाए।
धमतरी के गौशाला मैदान में बुधवार को यहां के निगम प्रशासन द्वारा दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया था। यहां पर 30 फीट ऊंचा रावण का पुतला लगाया गया था। रामलीला व अन्य कार्यक्रमों के बाद रात करीब 8 बजे के बाद रावण दहन का कार्यक्रम शुरू हुआ। रावण के पुतले में आग लगाई तो महज एक मिनट में पूरा जल गया लेकिन रावण के सिरों को आंच नहीं आई। इसके कारण यहां निगम प्रशासन की हंसी उड़ने लगी। फिर क्या था इसके बाद आयुक्त का गुस्सा निगम कर्मी व पुतला बनाने वाले पर फूटा।