दिल्ली. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दो दिन के अवकाश के बाद गुरुवार को कर्नाटक के मांड्या जिले में राहुल गांधी के नेतृत्व में फिर शुरू हुई। यात्रा में पहली बार कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल हुईं। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष व राज्य के पूर्व मंत्री डीके शिवकुमार ने इस मौके पर कहा कि विजयादशमी के बाद अब राज्य में कांग्रेस की विजय होगी। हम राज्य में सत्ता में आ रहे हैं और भाजपा की दुकान बंद होने वाली है। हमें गर्व है कि सोनिया गांधी राज्य की सड़कों पर उतरी हैं।
बेटे का हाथ थाम कर चलीं
सोनिया गांधी के पहुंचते ही राहुल गांधी ने कंधे पर हाथ रखकर मां का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में मौजूद महिला नेताओं ने सोनिया गांधी का हाथ थाम लिया। करीब 15 मिनट तक पैदल चलने के बाद राहुल ने सोनिया को वापस कार में भेज दिया। सोनिया एक महीना पहले ही कोरोना से उबरी हैं। अभी सोनिया का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है।