जशपुर। जिले में मॉब लिचिंग का मामला सामने आया है। सोमवार को बकरी चोरी के शक में गांववालों ने युवक को इतना पीटा की उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस इसे मॉब लिचिंग नहीं मान रही है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने बलवा, मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। जशपुर जिले के झारखंड व छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जारी थाना क्षेत्र का मामला है। जशपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नीमगांव के पास दो युवक बकरी लेकर बाइक से जा रहे थे। इसके बाद उन्हें जाते देखकर ग्रामीणों ने दोनों का पीछा किया। नदी किनारे ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया जमकर पिटाई कर दी। वहीं दूसरा युवक किसी तरह से भाग गया। जिस युवक की पिटाई हुई उसकी मौत हो गई। घटना स्थान छत्तीसगढ़-झारखंड बार्डर पर जारी थाना क्षेत्र का है। घटना के बाद आसपास पास तनाव का माहौल है।

मृतक युवक की पहचान जारी थाना क्षेत्र झारखंड निवासी एजाज अंसारी के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी युवक सफदर भागने में सफल हो गया है। घटना के बाद छत्तीसगढ़ के नीमगांव में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। मृतक एजाज अंसारी को लेकर पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ गुमला के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड की जारी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस भी जांच कर रही है।

जशपुर एसपी डी रविशंकर ने बताया कि झारखंड के दो युवक नीमगांव के पास से बकरियां चुरा कर भाग रहे थे। ग्रामीणों ने इसक विरोध किया और आपस में मारपीट हुई है। इसके बाद दोनों युवक झारखंड की ओर भाग गए। इसके बाद जो भी हुआ झारखंड थाना क्षेत्र में हुआ। फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है।