लखनऊ. उत्तर प्रदेश में भीषण हादसा हो गया। यहां रविवार शाम एक दुर्गा पंडाल में आग लगने से तीन बच्चे और दो महिलाएं जिंदा जल गई। वहीं 41 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना यूपी के भदोही की है। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है। वहीं इस भीषण आगजनी में 11 लोग मामूली रूप झुलसे हैं। इन सभी को वाराणसी के बीएचयू रेफर किया गया है। हादसा औराई क्षेत्र के नरथुआ में हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पंडाल में करीब डेढ़ सौ लोग मौजूद थे। दुर्गा पंडाल में आग लगने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी पीडि़तों के लिए उचित उपचार और मुआवजे का एलान किया है। वहीं इस घटना पर दु:ख भी व्यक्त किया है।
नाटक का चल रहा था मंचन
पुलिस के मुताबिक, आग उस समय लगी जब पंडाल में शंकर और काली मां के नाटक का मंचन चल रहा था। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोग जब तक बाहर निकलते, उससे पहले आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला। मिली जानकारी के अनुसार शॉर्ट-सर्किट की वजह से यह आग लगी। इसके बाद पूरे पंडाल में फैल गई।
