भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में शुक्रवार सुबह ठेका कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण तो सामने नहीं आया। ठेका कर्मी विनय इंडिया कंपनी में काम करता था और तनाव में रहता था। घटना की सूचना के बाद भट्टी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जोरातराई निवासी मोहन लाल देवांगन (37) आज सुबह जनरल शिफ्ट में ड्यूटी पहुंचा। यहां आने के बाद वह कपड़े बदलने के लिए कमरे गया। इसके बाद वह नहीं लौटा। कुछ देर बाद साथी कर्मचारियों की नजर पड़ी तो हड़कंप मच गया। सीआईएसएफ ने सूचना मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया। इसके बाद भट्टी पुलिस को सूचना दी गई।
भिलाई भट्टी थाना प्रभारी केके कुशवाहा ने बताया कि प्लांट में ठेका कर्मी द्वारा खुदकुशी की सूचना मिली। थाने में सूचना के बाद मौके पर पुलिस की टीम गई और पंचनामा की कार्रवाई के पीएम के लिए शव को भेजा गया। मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। परिवार व साथी कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।