आज के समय में सबके हाथों में मोबाइल है और उसमें ओटीटी प्लेटफॉर्म। जिस पर कभी भी कहीं भी आराम से अपनी मन-पसंद का कंटेंट देखा जा सकता है, लेकिन 90 के दशक में लोग सीरियल्स आते ही सारा काम छोड़कर टीवी देखने लगते थे। उस समय में कई लोकप्रिय टीवी शो प्रसारित हुए जिन्हें आज भी लोग देखना पसंद करते हैं। उस समय में शो शक्तिमान तो इतना पॉपुलर हुआ था कि अब इस पर फिल्म बनाने को लेकर भी बात चल रही है, यानी बच्चों का सुपरहीरो पर्दे पर एक बार फिर पर्दे पर वापसी करने वाला है। फिलहाल आपको बता दें कि शक्तिमान से लेकर शाका लाका बूम-बू और राजा रेंचो जैसे कई टीवी शोज आप ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आराम से किसी भी समय देख सकते हैं।
शक्तिमान:- सबसे पहले बात करते हैं टीवी शो शक्तिमान की, जो आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस पर बन रही फिल्म हिट होगी या नहीं ये वक्त ही बताएगा लेकिन अगर आप भी शक्तिमान सीरियल के दीवाने हैं, तो इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

शाका लाका बूम बूम:- डीडी नेशनल पर प्रसारित होने वाले जादुई शो शाका लाका बूम बूम खासतौर पर बच्चों को ध्यान में रखकर बनाया गया था। इसे बाद में स्टार प्लस पर भी प्रसारित किया गया। शो की कहानी संजू नाम के बच्चे पर थी, जिसके पास एक ऐसी जादुई पेंसिल थी, जिससे कुछ भी बनाने से वो चीज असली हो जाती थी। आज भी बच्चों को इस सीरियल में दिखाए गए पेंसिल का डिजाइन बहुत पसंद है। इस शो को आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

राजा रेंचो:- इस टीवी शो की कहानी एक डिटेक्टिव पर आधारित थी। इसमें सबसे दिलचस्प बात ये दिखाई गई थी, कि एक बंदर मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में मदद करता था। लोगों को इंसान और बंदर की ये जोड़ी काफी पसंद आई थी। फिलहाल अब इस शो को अमेजन प्राइम और वूट सेलेक्ट ऐप पर देख सकते हैं।
पुराना महाभारत सीरियल:- महाभारत पर सीरियल से लेकर फिल्में तक हमेशा बनाई जाती रही हैं। इन्हीं में से एक बीआर चोपड़ा द्वारा निर्मित शो महाभारत 1988 के समय में टेलीकास्ट किया गया था। जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इस शो को आप ओटीटी प्लेटफार्म जी5 पर देख सकते हैं।