बिलासपुर। रायपुर से बिलासपुर आकर सट्टा खिला रहे तीन सट्टेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों सटोरिए जीप में बैठकर शराब पी रहे थे। तभी वहां पुलिस पहुंच गई। तलाशी लेने पर पता चला कि युवक एशिया कप में इंडिया- श्रीलंका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच में मोबाइल से हार जीत का दांव लगा रहे थे। उनके पास से तीन मोबाइल और नगदी, हजारों रुपए का हिसाब -किताब मिला है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मंगलवार की रात सिविल लाइन पुलिस को जानकारी मिली कि महाराणा प्रताप चौक के पास तीन युवक जीप में बैठकर शराबखोरी कर रहे हैं और मोबाइल से सट्टा भी खिला रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस की एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट के प्रभारी हरविंदर सिंह ने अपनी टीम को भेजा। युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई और उनके मोबाइल की तलाशी ली गई, तब पता चला कि युवक रायपुर के सट्टेबाज हैं और यहां आकर सट्टा खिला रहे हैं।
सिविल लाइन टीआई परिवेश तिवारी ने बताया कि पकड़े गए युवकों में रायपुर के आमानाका निवासी फैज अली(22), मंजिल मेडी(24) व मंदीप सिंह भामरा (32) शामिल हैं। उनके मोबाइल में हजारों रुपए के सट्टा खिलाने का हिसाब, सात हजार रुपए और तीन मोबाइल भी बरामद हुआ है।
सटोरियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि रायपुर में उनकी पहचान सट्टेबाजों के रूप में हो गई है। ऐसे में क्रिकेट मैच में सट्टा खिलाने पर उन्हें पकड़ में आने के डर था। यही वजह है कि उन्होंने अपना ठिकाना बदल दिया था। वे बिलासपुर में आकर मोबाइल के माध्यम से रायपुर के लोगों से सट्टा लगवा रहे थे।




