सिनेमा की दुनिया अपने दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए हमेशा तैयार रहती है। हफ्ते का हर शुक्रवार काफी खास होता है क्योंकि इस दिन कई कलाकारों की किस्मत तय होती है। शुक्रवार के दिन ही सिनेमाघरों में नई फिल्में रिलीज होती हैं, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार करते हैं। जुलाई महीने के तीसरे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। इस हफ्ते जहां फिल्म ‘शमशेरा से रणबीर कपूर पर्दे पर लौट रहे हैं, वहीं उन्हें टक्कर देने रजत कपूर की फिल्म ‘आरके रिलीज होने जा रही है। इनके अलावा सिनेमाघरों में कई तमिल-तेलुगू और पंजाबी फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। तो, चलिए आपको बताते हैं इस हफ्ते कौन सी फिल्में आपका मनोरंजन करने रिलीज होने जा रही हैं।

शमशेरा- पिछले काफी समय से अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘शमशेरा चर्चाओं में बनी हुई है। फिल्म से रणबीर कपूर लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। ‘शमशेरा में जहां रणबीर कपूर डबल रोल में नजर आएंगे, वहीं संजय दत्त विलेन का किरदार निभाएंगे। इसके साथ ही ‘शमशेरा में दर्शकों को पहली बार रणबीर-वाणी कपूर की जोड़ी भी दिखाई देगी। फैंस के बीच फिल्म को लेकर इसके एलान के समय से काफी बज बना हुआ था, जो अब खत्म होने जा रहा है। ‘शमशेरा इस शुक्रवार यानी 22 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
आरके/ आरकेय- बॉलीवुड इंडस्ट्री की रिलीज होने वाली फिल्मों में ‘शमशेरा के अलावा इस लिस्ट में रजत कपूर स्टारर फिल्म ‘आरके भी है। फिल्म में रजत कपूर के साथ-साथ मल्लिका शेरावत, रणवीर शौरी और कुब्रा सैत भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देने वाले हैं। ‘आरके से अभिनेत्री मल्लिका कई वर्षों बाद बड़े पर्दे पर कमबैक करने जा रही हैं, जिसके लिए दर्शकों के मन में थोड़ बहुत उत्साह तो जरूर होगा। फिल्म में अभिनय करने के अलावा इसका निर्देशन और लेखन भी रजत कपूर ने ही किया है।
थैंक्यू- साउथ के अभिनेता नागा चैतन्य की रोमांटिक एंटरटेनर फिल्म ‘थैंक्यू भी 22 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन साउथ के निर्देशक विक्रम कुमार ने किया है। ‘थैंक्यू में नागा चैतन्य के अलावा अविका गौर और मालविका नायर भी अहम भूमिकाओं दिखाई देंगी। फिल्म की कहानी को साल 2000 में सेट किया गया है।
मलयनकुंजू- साउथ इंडस्ट्री के राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता फहद फासिल अपने फैंस को उत्साहित करने में कभी भी असफल नहीं होते हैं। अभिनेता को आखिरी बार ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा में देखा गया था, जिसके लिए उन्हें खूब प्रशंसा भी मिली थी। ‘पुष्पा में दमदार अभिनय करने के बाद अब वह अपनी फिल्म ‘मलयनकुंजू के साथ लौट रहे हैं। यह एक मलयालम फिल्म है, जो 22 जुलाई को रिलीज की जाएगी। यह फिल्म केरल में हुई भूस्खलन की एक सत्य घटना पर आधारित है।
जाट्स लैंड- पंजाबी फिल्म ‘जाट्स लैंड में गुरमीत साजन और हॉबी धालीवाल मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की कहानी करम सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके दो बेटे गुरविंदर और फतेह हैं। करम सिंह का बड़ा बेटा गांव के लोगों को सामुदायिक खेती में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता है। लेकिन हर कहानी की तरह इसमें भी एक खलनायक जमींदार है, जो ऐसा नहीं होने देना चाहता। फिल्म 22 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
पाव्स ऑफ द फ्यूरी: द लेजेंड ऑफ हैंक- पाव्स ऑफ द फ्यूरी: द लेजेंड ऑफ हैंक एक एनिमेटेड मार्शल आर्ट फिल्म है, जो 15 जुलाई को यूएस में रिलीज हुई थी। लेकिन अब यह फिल्म भारत में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह एनिमेटिड फिल्म 22 जुलाई 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। रॉब मिंकॉफ, मार्क कोएट्सियर और क्रिस बेली ने मिलकर फिल्म का निर्देशन किया है। ‘पाव्स ऑफ द फ्यूरी: द लेजेंड ऑफ हैंक में माइकल सेरा, सैमुअल एल जैक्सन, और रिकी गेरवाइस मुख्य भूमिकाओं में हैं।




