भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में जिन सीटों पर वोटिंग हुई थी वहां आज काउंटिंग हो रही है। आज 44 जिलों के 133 नगरीय निकायों में मतगणना हो रही है। इसमें 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद शामिल हैं। अब तक सामने आए रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। भाजपा ने सतना, बुरहानपुर और खंडवा में जीत हासिल कर ली है तो चार सीटों पर पार्टी आगे चल रही है। कांग्रेस 3 पर आगे है। वहीं सिंगरौली में अधिकतर वार्ड के साथ मेयर पद पर आम आदमी पार्टी ने बढ़त हासिल करके सबको चौंका दिया है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
सत्ता का सेमीफाइनल कहे जा रहे इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर है। दोनों ही दलों के नेताओं ने प्रचार-प्रसार में कोई कमी नहीं छोड़ी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि शिवराज एक बार फिर अपना दम दिखा पाएंगे या फिर कमलनाथ बाजी मारेंगे। दूसरे चरण की काउंटिंग 20 जुलाई को होगी।




