भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे की टेबलेट व ब्राउन शुगर बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने इनके पास से 170 पुडिय़ा ब्राउन शुगर और 2 हजार 900 नग नशीली अल्फाज्रोलम व 288 नग स्पासमो कैप्सूल जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 4.10 लाख रुपए बताई जा रही है।

एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि उन्हें काफी दिनों से दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसको देखते हुए उन्होंने एन्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट सहित थाना मोहन नगर पुलिस को एक्टिव किया। उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) नसर सिद्धिकी, टीआई क्राइम एवं सायबर यूनिट संतोष मिश्रा और मोहन नगर थाना प्रभारी केके वाजपेयी ने अपनी टीम के साथ जांच शुरू की। इस दौरान जेल से रिहा हुये आदतन नशे के कारोबारियों पर भी निगाह रखी गई।
इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली की गिरधारी नगर कोष्टा तालाब के पास 4 लड़के भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और की गोलियां बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मौके पर जाकर देवेन्द्र उर्फ मोन्टू विश्वकर्मा, वैभव खण्डेलवाल, रुस्तम नेताम और अनीश उर्फ सोना राजपूत को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
एसपी ने चारों आरोपियों से पूछा कि वो लोग नशे के अवैध कारोबार में क्यों आए। इस पर उन्होंने बताया कि वो लोग गलत दोस्ती में पड़ गए थे। धीरे-धीरे नशा करने लगे। इस दौरान वो कब नशे के आदी हो गए पता नहीं चला। नशा न करने पर उनके हाथ कांपने लगे, दौरे पडऩे लगे। इसलिए वो लोग नशा करने के साथ-साथ ब्राउन शुगर और नशे की टेबलेट बेचने भी लगे।
आरोपी वैभव खंडेलवाल ने बताया कि ब्राउन शुगर नागपुर से छत्तीसगढ़ लाई जाती है। भिलाई सेक्टर 6 में विवेक सोना उसे ब्राउन शुगर देता था। वहीं तीन अन्य आरोपियों ने बताया कि वो लोग दुर्ग के शंकर नगर क्षेत्र में राका नाम के व्यक्ति से नशे की टेबलेट खरीदते थे। पुलिस अब इनकी भी तलाश कर रही है।




