एएसपी चंद्राकर के हस्तक्षेप के बाद अज्ञात के खिलाफ हुआ अपराध दर्ज
भिलाई। खुर्सीपार में भगवान गणेश की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला आज सामने आया है। जोन-3 खुर्सीपार स्थित इस मंदिर में सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने खंडित मूर्ति देखी। धीरे धीरे यह बात लोगों के बीच में फैली और लोगों का आक्रोश फूटा। आक्रोशित लोग वार्ड पार्षद के पास पहुंचे और उसके बाद खुर्सीपार थाने में जमकर हंगामा किया गया। हंगामे के बाद अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार जोन 3 क्रांति मार्केट बीएसपी पानी टंकी के पास स्थित मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा को खंडित कर दिया गया। मंगलवार सुबह जब मंदिर में पूजा करने श्रद्धालु पहुंचे तो उन्हें जानकारी लगी। भगवान गणपति की प्रतिमा के खंडित भाग जमीन पर पड़ा हुआ था। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली वे मंदिर में धीरे धीरे जमा होने लगे।


इसके बाद इसकी जानकारी वार्ड कांग्रेस पार्षद शुभम झा को दी गई। मौके पर पार्षद शुभम झा, भाजपा पार्षद दया सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभी इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचे। थाने में एफआईआर को लेकर पुलिस आनाकानी कर रही थी तो लोग थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए। हंगामे के बाद मौके पर एएसपी विश्वास चंद्राकर पहुंचे और इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

एएसपी विश्वास चंद्राकर ने बताया कि इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। एएसपी विश्वास चंद्राकर ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एएसपी के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग अपने अपने घर लौट गए।