दुर्ग । स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग शहर की चौपट ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने व्यापक स्तर पर पहल करने कहा है। वोरा ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों में गड्ढे की फिलिंग करने, यातायात सिग्नल, यलो लाइनिंग कर वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, चौक चौराहों पर यातायात विभाग के स्टाफ की ड्यूटी लगाने जैसे जरूरी उपाय बेहद जरूरी हैं। शहर की यातायात दुरुस्त करने कई बार कहा जा चुका है लेकिन व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया। यह दुर्भाग्यजनक है। सड़कों पर लगातार हादसे हो रहे हैं।

वोरा ने कहा कि आज सड़क हादसे में पटेल चौक पर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दूसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। वोरा ने कहा कि इससे पहले मार्च माह में दुर्ग शहर में एक हफ्ते में दो हादसे हुए जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। शहर में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोग घायल हो रहे हैं। शहर की ध्वस्त हो चुकी ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में ठोस पहल करने की आवश्यकता है।
वोरा ने कहा है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम, पीडब्लूडी विभाग, सेतु विभाग और यातायात विभाग के अफसरों को संयुक्त प्लान बनाकर इसका क्रियान्वयन करना चाहिए। लगातार हादसे होना दुर्भाग्यजनक है। सुरक्षित यातायात के लिए जिम्मेदार अफसर पूरी गंभीरता से प्लान तैयार करें और प्लान का क्रियान्वयन करें। शहरवासियों को सुरक्षित रूप से आवागमन करने की सुविधा मुहैया कराना प्रशासन का काम है। यातायात व्यवस्था को चाक चौबंद करने का काम तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।
वोरा ने कहा कि जिन प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर का निर्माण नहीं हुआ है, वहां डिवाइडर बनाना जरूरी है। डिवाइडर से यातायात नियंत्रित रहता है। जीई रोड और गौरव पथ पर प्रकाश व्यवस्था का बुरा हाल है। स्ट्रीट लाइट के पोल लगाए गए हैं लेकिन लाइट लगाने का काम नहीं हो रहा है। विभागीय अफसरों को प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देशों के बावजूद काम में ढिलाई हो रही है। धमधा नाका ओवरब्रिज की हालत जर्जर है। यहां अक्सर हादसे होते हैं। शहर में बेतरतीबी से लगाए गए अवैध होर्डिंग को हटाना जरूरी है। सुरक्षा का ध्यान रखते हुए होर्डिंग लगाए जाएं। जीई रोड पर समय रहते डामरीकरण कार्य कराने कई बार अफसरों को कहा गया है लेकिन यह कार्य पूरा नहीं हो पाया। सड़कों पर गड्ढे को भरना जरूरी है। इनके कारण हादसे हो रहे हैं।




