आमिर खान बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट हैं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा की एक से एक हिट फिल्मों में काम किया है। अभिनेता बेशक एक फिल्म को सिनेमाघरों तक लाने में एक से दो साल का समय लगा देते हैं, लेकिन जब आमिर खान की फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होती है, तो बॉक्स ऑफिस पर धमाल मच जाता है। कुछ ऐसा फिल्म ‘लगान के समय भी हुआ था, जिसमें एक ऐसे गांव की कहानी दिखाई गई थी, जहां रहने वाले लोग लगान के बोझ तले दबे पड़े थे और उससे मुक्ति पाने के लिए गांव के लोगों ने सीधे-सीधे अंग्रेजों का सामना किया था। 15 जून 2001 को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म को आज रिलीज हुए 21 साल पूरे हो गए हैं। बॉलीवुड गलियारों में इस फिल्म से जुड़े अनेक किस्से हैं और यही कहानी फिल्म को मिले अवॉर्ड से जुड़ी हुई भी है।

क्या है फिल्म की कहानी
‘लगान एक काल्पनिक फिल्म है, जिसमें ब्रिटिश भारत के एक गांव की कहानी दिखाई गई है। इस गांव में रहने वाले लोग अंग्रेजों को लगान देने की वजह से परेशान हैं, लेकिन फिल्म में एक ऐसा मोड़ भी आता है, जब अंग्रेज गांव वालों को लगान से मुक्त करने की बात करते हैं, लेकिन वे गांव के लोगों के सामने क्रिकेट मैच खेलने की शर्त रखते हैं। इसके बाद गांव वालों और अंग्रेजों के बीच क्रिकेट मैच होता है। इस बीच फिल्म में ऐसे काफी सीन हैं, जो आपका दिल छू लेंगे। साथ ही, शानदार गाने भी हैं।
लगान की झोली में बंपर अवॉर्ड
दुनियाभर में क्रिकेट पर कई फिल्में बनी हैं, लेकिन अपनी अलग कहानी की वजह से ‘लगान दुनियाभर में मशहूर है। रिलीज के बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी। साल 2001 में इस फिल्म ने भारत में लगभग 53 करोड़ (2020 के मुताबिक- लगभग 186 करोड़) का शानदार कलेक्शन किया था। कमाई के साथ-साथ इस फिल्म ने एक के बाद एक कई अवॉर्ड भी अपने नाम किए थे, जिसमें आईफा, फिल्मफेयर से लेकर नेशनल अवॉर्ड तक शामिल हैं।
शानदार स्टार कास्ट से सजी थी फिल्म
आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपनी स्टार कास्ट की वजह से भी चर्चा में थी। इस फिल्म में एक-दो नहीं बल्कि कई कलाकार थे, जो मुख्य भूमिका निभा में रहे थे। आमिर खान के अलावा, फिल्म में कुलभूषण खरबंदा, रघुवीर यादव, राजेश विवेक, प्रदीप रावत, दया शंकर पांडे जैसे कलाकर एक साथ नजर आए थे। वहीं, फिल्म में आमिर खान के साथ ग्रेसी सिंह की जोड़ी बनी थी। इनके अलावा, फिल्म में रैचेल शैली ने भी खूबसूरत भूमिका निभाई थी।




