भिलाई। हत्या के प्रयास के प्रकरण में 8 साल से फरार आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद लगातार फरार था, जिसकी तलाश के दौरान मुखबिर सूचना एवं तकनीकी आधार पर उसे हिरासत में लिया गया। प्रकरण में आरोपी द्वारा सह-आरोपी के साथ मिलकर शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर प्रार्थी पर प्राणघातक हमला किया गया था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर 2019 को प्रार्थी विनय यादव उर्फ नेपाली अपने साथी के साथ शीतला तालाब के पास बैठा था। इसी दौरान दो युवकों के द्वारा शराब पीने के लिए रुपये की मांग की गई। रुपये देने से मना करने पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देते हुए एक ने प्रार्थी को पकड़ लिया तथा दूसरे आरोपी ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर पीठ, कमर एवं दाहिने सीने में गंभीर चोट पहुंचाई। रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चिकित्सकीय परीक्षण में गंभीर चोट पाए जाने पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई। विवेचना के दौरान एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जबकि सह-आरोपी पोने सिंह घटना के बाद से लगातार फरार था। फरार आरोपी पोने सिंह शुक्रवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी पारस ठाकुर, उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम रावत, प्रधान आरक्षक शुभोध पाण्डेय, आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत एवं अजित यादव की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी आपराधिक घटना अथवा फरार अपराधियों संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून से बचने का प्रयास करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही निरंतर की जाएगी।




