जगदलपुर। 25 लाख के इनामी नक्सली पापा राव सहित 18 नक्सलियों ने मंगलवार को सरेंडर कर दिया है। पापा राव ने एके 47 के साथ पुलिस के सामने सरेंडर किया। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 25 मार्च को जगदलपुर में बस्तर आईजी सुंदरराज पी इसकी अधिकारिक जानकारी दे सकते हैं।

बता दें एक दिन पहले ही बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा था कि कुख्यात नक्सली पापा राव सहित 18 नक्सली सरेंडर करेंगे। मंगलवार को दिन भी इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण की चर्चा होती रही। बताया जा रहा है कि नक्सली कई किमी पैदल चलकर बीजापुर पहुंचे और वहां से जगदलपुर बस से पहुंचे। इसके बाद उन्हें सुरक्षित रखा गया है। सरेंडर के लिए पहुंचे नक्सलियों में 11 पुरुष और सात महिला नक्सली शामिल हैं। 25 मार्च को सरकारी कार्यक्रम में र नक्सलियों के सरेंडर की आधिकारिक तौर पर घोषणा की जायेगी। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि पापा राव का असली नाम मंगू दादा या चंद्रन्ना है। वह सुकमा जिले के निमलगुड़ा गांव का रहने वाला है। 56 वर्ष से अधिक उम्र का यह नक्सली 1990 के दशक से माओवादी आंदोलन से जुड़ा हुआ था। बताया जाता है कि पापा राव एके-47 समेत कई आधुनिक हथियारों से लैस रहता है। वह वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) का सदस्य है। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में बड़ा बयान देते हुए कहा कि नक्सली पापाराव के आत्मसमर्पण के साथ छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होगा। अब छत्तीसगढ़ में बड़े कैडर का एक भी नक्सली नहीं बचा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पापा राव लंबे समय से नक्सलियों का रणनीतिकार रहा है। वह कई बड़े नक्सली वारदात में शामिल रहा है। उसकी पत्नी उर्मिला भी पीएलजीए बटालियन की सदस्य थी, वह एक मुठभेड़ में मारी गई थी।




