जनता ने ली राहत की सांस, 15 दिन से अटके काम अब होंगे
भिलाई। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल खत्म होने के बाद एक बार फिर सरकारी दफ्तर में कामकाज शुरू हो गया। 14 दिन काम ठप्प रहने के बाद अब कर्मियों को पेडिंग काम निपटाने में करीब महीने भर का समय लगेगा। इधर दफ्तर खुलते ही पहले दिन ही कलेक्टोरेट, नगर निगमों, तहसील कार्यालय, राजस्व विभाग सहित कई विभागों में अपना काम कराने लोगों की कतार लगी रही। इधर स्कूलों में भी शिक्षक पहुंचे। हालांकि शिक्षक दिवस होने की वजह से स्कूलों में पढ़ाई तो नहीं हुई पर बच्चों को तसल्ली जरूर हो गई कि मंगलवार से उनकी कक्षाएं लगेंगी।


कोर्ट में तारीख लेने कतार
न्यायालय में भी सोमवार से कामकाज शुरू होने के बाद बीते 14 दिनों में जितने भी मामलों की सुनवाई टाली गई थी वे सभी अपनी सुनवाई के लिए नई डेट लेने पहुंचे। यही हाल एसडीएम कोर्ट का भी रहा।
प्रमाणपत्रों के लिए मारामारी
सबसे ज्यादा भीड़ निगम में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले लोगों की रही। यहां लोग कई दिनों से प्रमाणपत्र बनावाने भटक रहे थे। भिलाई निगम पहुंची कमलेश कुमारी ने बताया कि उसके बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र खो गया है और उसे आधार कार्ड बनाने के लिए उसकी जरूरत थी। जिसकी वजह से वे काफी परेशान रही, लेकिन आज दफ्तर खुलते ही इतनी लंबी कतार है उसका नंबर कब आएगा पता नहीं।




