- अब नहीं लुटेगी निजी भवनों में आयोजकों की जेब
- 3 करोड़ में अगले वर्ष तक तैयार होगा भिलाई का सबसे भव्य भवन
भिलाई। हुड़को क्षेत्र के लिए विधायक देवेन्द्र यादव की एक पहल आने वाले दिनों में मील का पत्थर साबित होने जा रही है। सेवानिवृत्त संयंत्रकर्मियों वाले इस क्षेत्र में काफी अरसे से सर्वसुविधायुक्त मांगलिक भवन का जरूरत महसूस की जा रही थी। उनके इसी दर्द को समझते हुए विधायक यादव ने पहल की। नतीजा यह है कि अब रिटायर्ड कर्मियों को निजी भवनों में ज्यादा रकम देकर आयोजन करने से मुक्ति मिलेगी। हास्पिटल सेक्टर से लगे खाली मैदान में करीब 3 करोड़ की लागत से बनने वाला यह मांगलिक भवन क्षेत्र का सबसे भव्य भवन होगा।
उल्लेखनीय है कि हुडको क्षेत्र में बहुधा सेवानिवृत्त संयंत्रकर्मी निवास करते हैं। बीएसपी में काम के दौरान इन कर्मचारियों को इस्पात क्लब की सुविधा मिलती है, जो कि हास्पिटल सेक्टर में स्थित है किन्तु सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह सुविधा मिलना बंद हो जाती है। वर्तमान मे हुडको में शत् प्रतिशत रहवासी सेवानिवृत्त हो चुके है। लेकिन पारिवारिक आयोजन ऐसी प्रक्रिया है, जो गाहे-बगाहे जारी रहती है। जाहिर है कि इसके लिए इन सेवानिवृत्त कर्मियों को भवन की दरकार होती है। खासकर शादी, पार्टी या गमी के दौरान इन रिटायर्ड कर्मियों को दूरदराज के क्षेत्रों में भवन लेना पड़ता है या फिर आसपास के ही निजी भवनों के शरणागत होना पड़ता है। ऐसे में उन्हें आर्थिक चोंट भी पहुंचती है। दरअसल, स्थानीय लोगों का दर्द यह भी था कि हास्पिटल सेक्टर का जो क्लब है, वह बड़े आयोजनों के लिहाज से छोटा है। वहां पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
हुडको का ‘अपना’ भवन
अब हास्पिटल सेक्टर की खाली पड़ी भूूमि पर बनने जा रहे भव्य मांगलिक भवन से हुड़को वासियों को राहत मिलेगी। यहां यह उल्लेख करना भी जरूरी है कि भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में कई बड़ी कालोनियों के पास अपने मांगलिक भवन हैं। मसलन पद्मनाभपुर में विवेकानंद भवन तो वैशाली नगर में कम्युनिटी भवन। इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड तालपुरी और स्मृति नगर के पास भी भवन उपलब्ध है। इस दृष्टि से देखें तो हुडको क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त भवन की कमी महसूस की जा रही है। विधायक देवन्द्र यादव के पास जब यह प्रस्ताव आया तो उन्हें भी महसूस हुआ कि हुड़को वासियों को एक भव्य भवन की सौगात दिया जाना आवश्यक है। जबकि इससे पहले विधायक यादव की ही पहल पर हास्पिटल सेक्टर में फ्लड लाइट स्टेडियम और ओपन जिम की सौगात मिल चुकी है।
दूमंजिला भवन में होंगे 24 कमरे
सर्व मांगलिक भवन 2 मंजिलों का होगा। ऊपर नीचे मिलाकर यहां कुल 24 कमरे होंगे। जिनमें से अधिकांश कमरे लेट-बाथ अटैच होंगे। इसके अलावा यहां महिलाओं-पुरुषों और दिव्यांग जनों के लिए अलग से लेट-बाथ बनाया जाएगा। इसके अलावा भी कई जरूरी सुविधा इस भवन में उपलब्ध होगी। भवन में पार्किंग पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाएगा। अतिरिक्त 6000 वर्गफीट में डोमशेड तैयार किया जाएगा। लगभग आधा एकड़ एरिया को पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है। जहां प्रवेश और बाहर निकलने के लिए दो अलग-अलग द्वार होगा। शादी-विवाह के लिए मंच, लॉन और गार्डन जैसी कई जरूरी सुविधाएं होंगी। सूत्रों के मुताबिक, इस सर्व मांगलिक भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। निगम अधिकारियों की माने तो आने वाले साल में यह भवन बन कर तैयार हो जाएगा। बता दें, कि यह भिलाई नगर का सबसे बड़ा और सर्वसुविधा युक्त भवन होगा। जो सभी समाज और क्षेत्र वासियों के लिए होगा।
विधायक होने के नाते भिलाई के प्रत्येक परिवार का दर्द मेरा अपना दर्द है। हुडकोवासियों की तकलीफ दूर करने की पहल हमने की है। स्थानीय निवासियों की मांग थी कि उन्हें मांगलिक भवन मिले। अगले साल तक यह भवन हुडकोवासियों को समर्पित करेंगे। इससे स्थानीय लोगों को मांगलिक व अन्य कार्यों के लिए आसानी होगी।
देवेंद्र यादव, विधायक -भिलाईनगर




