- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से माटीकला बोर्ड के सदस्यों ने की सौजन्य मुलाकात
- मुख्यमंत्री को कुम्हार समाज की ओर से स्मृति चिन्ह भेंटकर किया सम्मानित
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में माटीकला बोर्ड के सदस्य बसंत चक्रधारी और फूलवंत राय प्रजापति ने सौजन्य मुलाकात की। माटीकला बोर्ड के सदस्य द्वय ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को देश में सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने जाने और उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को लगातार तीसरी बार देश का स्वच्छतम राज्य का राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कुम्हार समाज की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसके लिए माटीकला बोर्ड के सदस्य श्री बसंत चक्रधारी एवं श्री फूलवंत राय प्रजापति सहित कुम्हार समाज को धन्यवाद दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की यह गौरवपूर्ण उपलब्धि राज्य की जनता की है। सभी लोगों के सहयोग और मेहनत से नवा छत्तीसगढ़ गढ़बो का सपना साकार हो रहा है।

मुख्यमंत्री बघेल से मराठा सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में मराठा सेवा संघ के प्रतिनधिमण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का शॉल पहना कर अभिनन्दन किया और उन्हें 05 दिसम्बर 2021 को मराठा सेवा संघ के स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर के मायाराम सुरजन स्मृति लोकायन, रजबंधा मैदान में किया किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को कोरोना काल में जरूरतमंदों की सेवा सहित संघ द्वारा किये जा रहे अन्य सामाजिक उत्थान के कार्यों से अवगत कराया। इस अवसर पर रविन्द्र दानी, एस आर घाटगे, प्रकाश ठोकने, दिनेश गरड़ सहित मराठा सेवा संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री बघेल से सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ सूर्यवंशी समाज द्वारा तीन दिवसीय सूर्यांश शिक्षा महा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया। यह महोत्सव जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम-सिवनी (नैला) में 24, 25 एवं 26 दिसंबर 2021 को आयोजित किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि सूर्यांश शिक्षा महोत्सव प्रतिवर्ष शिक्षा के माध्यम से समाज के मुख्यधारा से दूर और विकास की राह में पिछड़े हुए लोगों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, रोजगार एवं स्वाबलंबन का संदेश भी दिया जाता है। इस अवसर पर सूर्यांश शिक्षा उत्थान समिति के संरक्षक श्री राम लखन सूर्यवंशी, श्री झगर राम सूर्यवंशी, श्री हरदेव टंडन, श्री टीसी रत्नाकर, श्री ए आर सूर्यवंशी, श्री रमेश पैगवार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री बघेल से संत कबीर सेवा संस्थान देवपुर के प्रतिनिधि मंडल ने की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री को देवपुर में 25 एवं 26 दिसम्बर को आयोजित कबीर सत्संग मेला में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने दिया न्योता
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में संत कबीर सेवा संस्थान एवं यथार्थ फाउंडेशनस देवपुर के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री बघेल को प्रतिनिधि मंडल द्वारा आदर्श व पर्यटन ग्राम देवपुर (डोंगेश्वर धाम) धमतरी में 25 एवं 26 दिसम्बर 2021 को आयोजित कबीर सत्संग मेला एवं युवोदय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता दिया। मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक गायन, कबीर भजन प्रस्तुति, युवोदय चिंतन परिचर्चा तथा कबीर विचार गोष्ठी आदि कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में संत श्री रविकर साहेब, श्री क्षेमेन्द्र साहेब, श्री सोधकर साहेब, श्री भावकर साहेब, श्री चिरंजीव साहेब, श्री बलवान साहेब, श्री हिरम साहेब, संतोषी साहेब सहित फाउंडेशन के पदाधिकारी शामिल थे।




