नई दिल्ली (एजेंसी)। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर हुई सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा एक बार फिर गर्म हो गया है। अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने केंद्र सरकार से सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा है। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि मैं आज भी सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग रहा हूं। सरकार को सबूत पेश करने दो। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठा प्रचार करती है।

राजनीतिक उपयोग कर रही भाजपा
चंद्रशेखर राव ने कहा कि सेना सीमा पर लड़ रही है। कोई मर रहा है, तो वह सेना के जवान हैं। उन्हें इसका श्रेय देना चाहिए, लेकिन भाजपा राजनीतिक रूप से सर्जिकल स्ट्राइक का उपयोग कर रही है। राव की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब इस मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के साथ उनका विवाद चल रहा है।
हिमंता बिस्वा ने की थी राहुल गांधी पर टिप्पणी
हिमंता बिस्वा ने शुक्रवार को सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जनरल बिपिन रावत देश का गौरव थे। उनके नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। आज राहुल गांधी सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। क्या हमने आज तक सबूत मांगा है कि राहुल गांधी राजीव गांधी के ही बेटे हैं। उनको मेरे देश की सेना से सबूत मांगने का अधिकार किसने दिया। इस टिप्पणी के बाद चंद्रशेखर राव ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से बिस्वा को बर्खास्त करने की मांग की थी।
सरमा ने केसीआर पर किया था पलटवार
केसीआर की टिप्पणी के बाद असम के सीएम सरमा ने पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि यह टिप्पणी उनकी मानसिकता को दर्शाती है। कहा था कि, सेना से सवाल करना सबसे बड़ा अपराध है। वह मेरी टिप्पणी से भड़क गए, लेकिन राहुल गांधी के बयान से नहीं। इसमें, उनकी मानसिकता झलकती है।




