भिलाई। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) रमेश चंद्र लाहोटी के निधन पर समाज सेवी पुरुषोत्तम टावरी ने गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने पूर्व सीजेआई को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज गौरव पूर्व न्यायाधिपति रमेश चंद्र लाहोटी जी हमारे बीच नहीं रहे । मैं उनको विनम्र श्रद्धा-सुमन अर्पित करता हूं। लाहोटी जी सदा हमारे मार्गदर्शन के लिये उपलब्ध रहते थे।

बता दें भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) रमेश चंद्र लाहोटी का बुधवार को निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रमेश चंद्र लाहोटी का बुधवार शाम कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली में होगा। पूर्व मुख्य न्यायाधीश के भाई जीके लाहोटी ने बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बुधवार शाम दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन यहां उनकी कार्डिएक अरेस्ट से मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह 10 बजे दिल्ली में होगा।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस स्व. आरसी लाहोटी गुना के निवासी थे। उन्होंने जिला व हाईकोर्ट में प्रैक्टिस की। उन्होंने गुना में एक वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया। इसके बाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की। उन्हें 3 मई 1988 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। 4 अगस्त 1989 को लाहोटी को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया था। इसके बाद फरवरी 1994 में इसे दिल्ली हाई कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। दिसंबर 1998 में सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में नियुक्त हुए। इसके बाद 1 जून 2004 को उन्हें भारत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। लाहोटी इस पद पर 31 अक्टूबर 2005 तक रहे।




