भिलाई। कैंप-1 साई नगर में आपसी रंजिश के कारण एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना शनिवार देर रात की है। हत्या के बाद आरोपियों ने युवक के शव को सुपेला स्थित शास्त्री अस्पताल के पास छोड़कर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची छावनी पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद पांच युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात 12 बजे की घटना बताई जा रही है। साई नगर हनुमान मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 19 केंप 1 निवासी रंजीत सिहं अपने दो दोस्तों के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान पांच युवकों ने उसका रास्ता रोका। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान रंजीत के दोस्त वहां से भाग गए। रंजीत को अकेला पाकर पांचों युवकों ने उसे बेसबॉल के डंडे से पिटाई की और चाकू से भी गोद दिया। इसके बाद रंजीत सिंह को शास्त्री हॉस्पिटल सुपेला के पास छोड़कर भाग गए।
सुपेला अस्पताल में जब युवक की जांच की गई तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। शव का मरच्यूरी में रखवाया गया है। इसके बाद मृतक के परिजनों की शिकायत के बाद बिहारी मोहल्ला कैंप 1 निवासी सोना, चिंकु व टिंकु तथा दो अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
छावनी सीएसपी कोशलेन्द्र पटेल ने बताया कि आपसी रंजिश का मामला मालूम पड़ता है। घटना की सूचना पुलिस को रात को ही मिल गई थी। जब तक पुलिस पहुंचती आरोपी मृतक रंजीत को शास्त्री अस्पताल के पास छोड़कर भाग चुके थे। तीन आरोपियों की पहचान हो गई है वहीं दो अन्य आरोपियों की पहचान नहीं हुई है। सभी आरोपी फरार हैं सभी की तलाश की जा रही है।




