लखनऊ (एजेंसी)। यूपी में नई सरकार का गठन हो गया है। नई सरकार के गठन के बाद अब सबकी नजरें विभागों पर टिकी हैं। किसे कौन सी जिम्मेदारी दी जाएगी? इसको लेकर मंत्रियों में बेचैनी बढ़ गई। दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल हुए मंत्रियों के विभाग बदलेंगे या नए चेहरों को मौका दिया जाएगा? फिलहाल इस पर कल फैसला हो जाएगा। रविवार को होने वाले बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ विभागों का बंटवारा करेंगे।
सिद्धार्थनाथ सिंह, दिनेश शर्मा, श्रीकांत शर्मा जैसे 22 दिग्गजों को इस बार बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, उनके स्थान पर इस बार किन्हें मौका मिलेगा, इस पर भी जोरों से कयास लगाने शुरू हो गए हैं। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से विभागों के बंटवारे को लेकर किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार जिस तरह से नए चेहरों पर भरोसा जताया गया है उससे लगता है कि इस बार विभागों के बंटवारे में भी बड़ा बदलाव नजर आ सकता है। इसकी झलक शनिवार को सीएम योगी की अफसरों संग हुई बैठक में साफ देखने को मिली है।
कैबिनेट बैठक के बाद एक्शन में आए योगी आदित्यनाथ ने फ्री राशन योजना बढ़ाने का ऐलान किया, इसके बाद अफसरों को काम का टारगेट भी दे दिया। मिली जानकारी के अनुसार इस बार परफार्मेंस के आधार पर विभाग बांटें जाएंगे। पीएम मोदी के संदेश में भी यही बात कही गई है। यूपी चुनाव जीतने के बाद पीएम मोदी का संदेश साफ था कि यूपी के नए मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव नजर आएगा। नए मंत्रिमंडल में शैक्षिक योग्यता, कुशलता और पृष्ठभूमि के आधार पर विभागों का बंटवारा किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बार कोई विभाग छोटे या बड़े के आधार पर नहीं बांटा जाएगा, सभी मंत्रियों का काम ही तय करेगा कि उन्हें कौन सा विभाग दिया जाएगा।
एक्शन में दिखे योगी आदित्यनाथ, अफसरों को दिया टारगेट
पिछले कार्यकाल में योगी आदित्यनाथ की दिखी सख्ती दूसरे कार्यकाल में भी बरकरार है। शपथ लेने के बाद तुरंत बाद ही योगी आदित्यनाथ ने एक्शन में नजर आए। कैबिनेट बैठक के अगले ही दिन योगी आदित्यनाथ अफसरों संग बैठक की। शनिवार को अफसरों संग हुई बैठक में सीएम योगी ने सबसे पहले सुबह प्रेसवार्ता कर फ्री राशन के समय बढ़ाने का ऐलान किया। इसके बाद उन्होंने सभी अपर मुख्यसचिव व प्रमुख सचिव को टारगेट दे दिया। सीएम योगी ने कहाकि 6 माह, 1 साल और 5 साल के लिये टारगेट तय कर उसका प्रजेंटेशन करें। सीएम योगी ने कहा कि हर विभाग आधे-आधे घंटे की प्रेजेंटेशन बनाए। सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकार में मुकाबला दूसरों के काम से था। लेकिन इस बार अपने ही पिछले कार्यकाल से भी और बेहतर करना है। अच्छा काम किया इसलिए वापस लौटे लेकिन अब और बेहतर करना है। जनता ने विश्वास जताया है उस पर खरा उतरना है। सीएम के निर्देश फाइलों को लटकाया न जाये। लोक कल्याण संकल्प पत्र के वादों को अमली जामा पहनाना है।
सीएम योगी का बड़ा फैसला, तीन महीने बढ़ाई फ्री राशन योजना
यूपी की योगी सरकार ने शपथ लेने बाद 15 करोड़ राशन कार्डधारकों को तोहफा देते हुए फ्री राशन योजना को तीन माह के लिए बढ़ा दिया है। योगी ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना काल में यह योजना शुरू की गई थी। इसका योजना का उद्देश्य गरीबों की मदद करना है। फ्री राशन योजना पर करीब 3270 करोड़ का खर्च आता है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट फैसला लिया है कि योजना आगे भी हम जारी रखेंगे।




