रायपुर। मोर महापौर मोर द्वार शिविर के 25वें दिन कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक 54 में संगम मैरिज पैलेस कांदुल रोड़ बोरियाखुर्द और मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड क्रमांक 59 के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन मठपुरैना में लगाए गए शिविर में दोपहर से ही लोगों की भीड़ जुटी रही। शिविर में बोरियाखुर्द गजराज तालाब के समीप रहने वाले आठ साल के बालक और संतोषीनगर के 60 वर्षीय बुजुर्ग को सुनने में दिक्कत थी। महापौर एजाज ढेबर ने जानकारी मिलते ही दोनों को श्रवण यंत्र मंगवाकर दिया।
दोनों वार्डों में लगाए गए शिविर में कुल 706 आवेदन मिले, इनमें से 538 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। स्वास्थ्य बीमा आयुष्मान कार्ड 128 लोगों को बनाकर दिया गया। नए श्रमिक कार्ड 32, 21 राशन कार्ड बनाकर दिए गए। वहीं, 54 लोगों ने कोरोना टीका लगवाया। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में एमएमयू यूनिट में 50 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। 34 नागरिकों ने महापौर को फोन पर जनसमस्या बताई, जिनका तत्काल परीक्षण कर सामाधान कराया गया। शिविर में महापौर परिषद के सदस्यों के साथ आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता योजना राजेश शर्मा, जोन कमिश्नर आदि मौजूद थे।
नगर निगम जोन 10 के रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 के पटेल चौक लालपुर में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक और जोन छह के शहीद पंकज विक्रम वार्ड क्रमांक 58 के साहू भवन टिकरापारा में दोपहर ढाई बजे से शाम 5.30 बजे तक मोर महापौर, मोर द्वार शिविर लगाया जाएगा। इससे पहले महापौर से सुबह नौ बजे से 11 बजे तक फोन नंबर 9111666201, 9301953201 पर काल करके वार्डवासी अपनी समस्या बताकर सुझाव दे सकते हैं।




