रायपुर। राजनांदगांव जिले के गंडई नगर पंचायत को नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 4 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 03 जनवरी को प्रवास के दौरान गंडई नगर पंचायत को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 4 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की थी। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए 4 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। अधोसंरचना मद अंतर्गत स्वीकृत इस राशि से नगर पंचायत क्षेत्र में 38 विकास एवं निर्माण कार्य किए जाएंगे।
गण्डई में हाइटेक सब्जी मंडी एवं नर्सरी के निर्माण पर अमल शुरू
राजनांदगांव जिले के गंडई में हाइटेक सब्जी मण्डी और हाइटेक नर्सरी का निर्माण जल्द प्रारंभ होगा। कृषि और उद्यानिकी विभाग द्वारा हाइटेक सब्जी मंडी और उद्यानिकी के हाइटेक नर्सरी के निर्माण की पहल शुरू कर दी है। दोनों ही विभाग के अधिकारियों को कार्यायोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। हाइटेक सब्जी मण्डी और नर्सरी के बनने से वहां सब्जी और उद्यानिकी की खेती से जुड़े किसानों को आधुनिक खेती के लिए जरूरी तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ उनके उत्पादक की बिक्री की व्यवस्था हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राजनांदगांव जिले के गण्डई में 3 जनवरी को किसानों की मांग पर हाइटेक सब्जी मंडी एवं उद्यानिकी की हाइटेक नर्सरी के निर्माण की घोषणा की गयी थी।




