भाटापारा। बलौदाबाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरीडीह में मुखबिरी के शक में एक युवक को खंभे से बांधकर लाठी-डंडों और बेल्ट से पिटाई करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। यह मामला उस वक्त सामने आया जब पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें देखा गया कि युवक को गांव के चौक में खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। ग्रामीणों की भीड़ के सामने हुई यह वारदात पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई थी।

बताया गया कि युवक पर खनिज विभाग को अवैध रेत खनन की सूचना देने का शक था। इसी शक के चलते आरोपियों ने सार्वजनिक रूप से उसकी पिटाई की। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मामला न केवल स्थानीय प्रशासन की सक्रियता का प्रमाण है बल्कि यह भी दर्शाता है कि मीडिया की भूमिका समाज में कितना प्रभावशाली हो सकती है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




