रायपुर. महादेव बुक एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा के कारोबार पर नकेल कसती पुलिस ने एक और एप के जरिए अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महादेव बुक की तर्ज पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के लिए रायपुर बुक डॉट इन ऐप बनवाने और उसका संचालन करने वाले दो आरोपियों को को बागबाहरा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का नाम अभिषेक शर्मा और कुशवंत छाबड़ा है। आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा ऐप का सोशल मीडिया में प्रचार प्रसार किया, तो पुलिस को इसकी शिकायत मिल गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच की और तीन दिन की जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से हजारों रुपए की सट्टा-पट्टी, 5 मोबाइल और नगद 19 हजार 500 रुपए जब्त किया है। आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सट्टोरी बनकर पकड़ा आरोपियों को
पुलिस ने सोशल मीडिया में डाले गए नंबरों पर संपर्क किया, तो आरोपियों ने पैसे खाते में डाले और फिर आइडी जनरेट करने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से पैसे ट्रांसफर करने के लिए अकाउंट मांगा, तो ऐप संचालक ने पुलिसकर्मियों को खिलाड़ी समझकर अकाउंट डिटेल सेंड कर दी। अकाउंट डिटेल और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन महासमुंद के बागबहारा में दिखा। इस तरह दोनों आरोपी पकड़े गए।




